हाथरस जिले के सासनी के गांव शाहपुर खुर्द में आपसी विवाद के चलते एक नवविवाहित महिला ने अपने ही पति पर किसी वस्तु से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। युवक को कस्बे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद युवक की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शाहपुर खुर्द निवासी 24 वर्षीय दुर्गेश पुत्र स्वर्गीय सुरेश कुमार का रविवार की सुबह करीब 5:00 बजे अपनी पत्नी शीतल के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर शीतल ने दुर्गेश के शरीर पर किसी नुकीली चीज से जोरदार वार कर दिया। हमले में घायल दुर्गेश खून से लथपथ होकर अपनी माँ की गोद में गिर पड़ा। वारदात की भनक लगते ही राहगीरों और ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई।
घटना के बाद घायल दुर्गेश की माँ अलका देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि करीब एक साल पहले ही उनके बेटे की शादी शीतल से हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर मनमुटाव और विवाद होता रहता था। रोती हुई माँ ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि करीब एक साल पहले उनके पति सुरेश कुमार की भी मौत हो चुकी है, जिसके बाद घर में उनका एकमात्र सहारा दुर्गेश ही बचा था। दुर्गेश गाँव में ही परचूनी की दुकान चलाकर अपना और अपनी बूढ़ी माँ का भरण-पोषण कर रहा था। सासनी कोतवाली प्रभारी का कहना है कि मामले में जांचा पड़ताल की जा रही है।
रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

0 Comments