रालोद की ‘जन आशीर्वाद एवं नारी सम्मान यात्रा’21 सितम्बर से शुरू,400 से अधिक गांवों तक पहुंचने का दावा

हाथरस जिले की सादाबाद विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) की ओर से सादाबाद विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक जनसंपर्क अभियान शुरू करने की घोषणा की गई है। ‘जन आशीर्वाद एवं नारी सम्मान यात्रा’ का शुभारंभ 21 सितंबर से मुरसान क्षेत्र से किया जाएगा। यात्रा के दौरान विधानसभा क्षेत्र के गांवों में पहुंचकर किसानों, विद्यार्थियों, महिलाओं और अन्य वर्गों के लोगों से संवाद करने की बात कही गई है।

रालोद के वरिष्ठ नेता प्रवीण कुमार पौनिया ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि यात्रा का उद्देश्य क्षेत्र के लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को जानना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना है। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान सादाबाद विधानसभा क्षेत्र के 400 से अधिक गांवों में पहुंचने की योजना है।

पौनिया ने अपने पूर्व के सामाजिक कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने किसानों और आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी है। उनके अनुसार, शिक्षा प्रोत्साहन अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को सम्मानित करने के साथ शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के कार्यक्रम किए गए। जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा उपलब्ध कराने और छात्र-छात्राओं का मनोबल बढ़ाने के प्रयास किए जाने का भी उन्होंने दावा किया।

उन्होंने बताया कि युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए दंगल, कबड्डी, लंबी कूद और दौड़ जैसी प्रतियोगिताओं के आयोजन में सहयोग किया गया। खेलों के प्रति समर्पित सैकड़ों बच्चों को खेल सामग्री उपलब्ध कराने की बात भी उन्होंने कही।उन्होंने कहा कि जन आशीर्वाद एवं नारी सम्मान यात्रा के दौरान किसानों की समस्याओं के साथ महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों और अन्य वर्गों के मुद्दों को भी प्रमुखता से सुना जाएगा। गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद के बाद सामने आने वाली समस्याओं को संबंधित स्तर पर उठाने का प्रयास किया जाएगा।

रालोद के इस अभियान को विधानसभा चुनाव 2027 से पहले क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियों और जनसंपर्क को विस्तार देने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। यात्रा के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय पदाधिकारियों की भागीदारी भी प्रस्तावित है।

रिपोर्ट BY- गौरव शर्मा - सादाबाद।

Post a Comment

0 Comments