हाथरस जिले की सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव बंजारे नगला दौलतपुर के निकट बुधवार दोपहर करीब 1 बजे उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के कुछ बच्चे बंबे में नहा रहे थे। इसी दौरान बच्चों की नजर पानी में बहते हुए एक युवती के शव पर पड़ी। युवती ने पीले रंग का सूट-सलवार पहन रखा था तथा उसकी उम्र लगभग 22 वर्ष बताई जा रही है।
शव मिलने की सूचना क्षेत्र में तेजी से फैल गई, जिसके बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना अगसोली चौकी इंचार्ज कोतवाली सिकंद्राराऊ पुलिस एवं डायल 112 पीआरवी को दी।
सूचना मिलते ही कोतवाल शिवकुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बंबे से शव को बाहर निकलवाया। इसके बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन अभी तक युवती की पहचान नहीं हो सकी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस युवती की पहचान कराने और उसकी मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

0 Comments