हाथरस: स्मार्ट मीटर के खिलाफ महिलाओं का हल्लाबोल,हाथों में स्मार्ट मीटर लेकर बिजली कार्यालय का घेराव।

 


​हाथरस के सासनी तहसील क्षेत्र में स्मार्ट प्रीपेड मीटर को लेकर जनता का आक्रोश फूट पड़ा है। जयपुर-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित सलेमपुर विद्युत उपखंड कार्यालय पर सोमवार को सलेमपुर, अजीतपुर और शेखूपुर जैसे कई गांवों की महिलाओं और पुरुषों ने जोरदार प्रदर्शन कर विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी महिलाओं का गंभीर आरोप है कि प्रीपेड मीटर लगने के बाद से बिजली बिलों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हुई है और बिजली गुल रहने के बावजूद बैलेंस से पैसे कट रहे हैं।

 जिससे कम आय वाले परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। विरोध इतना उग्र था कि कुछ महिलाएं अपने घरों से स्मार्ट मीटर उखाड़कर सीधे बिजली घर ले आईं, जिससे परिसर में काफी देर तक तनाव बना रहा। उपभोक्ताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 20 दिनों के भीतर इन मीटरों को नहीं हटाया गया और समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो वे बड़े स्तर पर उग्र आंदोलन करेंगे। दूसरी ओर, विद्युत उपखंड अधिकारी ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए शासन के निर्देशानुसार उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

Post a Comment

0 Comments