उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में यूट्यूबर वेदप्रकाश शर्मा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसओजी टीम, थाना कोतवाली नगर और थाना सासनी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हत्या की घटना को अंजाम देने वाले 25-25 हजार रुपये के इनामी तीन आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विवेक उर्फ छोटू उर्फ सूरज, विशाल शर्मा और मौनिस कांत शर्मा के रूप में हुई है। ये तीनों आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहे थे और इन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के मुताबिक, चेकिंग और कॉम्बिंग अभियान के दौरान आरोपियों की पुलिस टीम से आमने-सामने मुठभेड़ हो गई। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तीनों आरोपियों के पैर में गोली लगी और उन्हें घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।वहीं पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान इस मामले में एक अन्य आरोपी मोनू कुशवाह को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्विफ्ट कार, चार अवैध तमंचे 315 बोर, छह जिंदा कारतूस और चार खोखा कारतूस बरामद किए हैं।वही पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यूट्यूबर वेदप्रकाश शर्मा हत्याकांड को लेकर लगातार जांच की जा रही थी और आरोपियों की तलाश में कई टीमें लगाई गई थीं। आखिरकार पुलिस की संयुक्त रणनीति और सक्रियता के चलते सभी मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस मुठभेड़ में की गई जवाबी कार्रवाई में घायल हुए सभी आरोपियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।


0 Comments