पराग डेरी के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से टेंपू सवार तीन लोग घायल,गंभीर घायल हालत में दंपति अलीगढ़ रेफर।

हाथरस जिले में सासनी क्षेत्र में आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पराग डेयरी के समीप एक भीषण सड़क हादसे में टेंपू सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब हाथरस से एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे टेंपू को एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपू बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाथरस निवासी समद पुत्र इंतहा, सासनी कोतवाली क्षेत्र के गांव बिर्रा निवासी महेश पुत्र निरंजनलाल और उनकी पत्नी मीना देवी टेंपू में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनका टेंपू पराग डेयरी के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना के बाद राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई और स्थानीय लोगों की सूचना पर तत्काल एम्बुलेंस मौके पर पहुंची।

सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सासनी ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने महेश और उनकी पत्नी मीना देवी की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं, घटना को अंजाम देने के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से वाहन लेकर भागने में सफल रहा।

रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

Post a Comment

0 Comments