मंडलायुक्त ने सीएचसी सिकंदराराऊ का किया निरीक्षण, गर्भवती महिलाओं को वितरित किया पोषाहार

 


अलीगढ़ मंडल की मंडलायुक्त संगीता सिंह ने शनिवार को हाथरस जिले के सिकंदराराऊ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण कर वहां की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं के लिए चलाए जा रहे आयरन सुक्रोज अभियान की प्रगति की समीक्षा की और केंद्र पर मौजूद महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य के लिए पोषाहार वितरित किया। मंडलायुक्त ने चिकित्सालय परिसर का भ्रमण करते हुए दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई और ओपीडी सेवाओं का निरीक्षण किया।

मीडिया से रूबरू होते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन के सार्थक प्रयासों से गर्भवती महिलाओं में एनीमिया यानी खून की कमी को दूर करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अक्सर हीमोग्लोबिन की कमी के कारण प्रसव के बाद महिलाओं में रक्तस्राव और अन्य गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो जाती हैं, जिससे मां और नवजात दोनों की जान को खतरा रहता है। इस जोखिम को कम करने के लिए सरकार और प्रशासन द्वारा आयरन सुक्रोज का प्रावधान किया गया है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के इस प्रयास की सराहना की कि अब ओपीडी स्तर पर ही ऐसी महिलाओं की पहचान कर उन्हें चिन्हित किया जा रहा है जिनका हीमोग्लोबिन स्तर सामान्य से कम है।

मंडलायुक्त ने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस अभियान का ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए ताकि कोई भी पात्र महिला इस सुविधा से वंचित न रहे। उन्होंने डॉक्टरों को हिदायत दी कि गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच और उनके खान-पान पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही, उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे स्वास्थ्य लाभ के लिए सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और समय पर अपनी जांच कराएं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के रिकॉर्ड्स को भी खंगाला और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा।

Post a Comment

0 Comments