हाथरस के सासनी सीएचसी पर एसीएमओ ने लिया स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा, स्टाफ में मचा हड़कंप

 


हाथरस में स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए एसीएमओ डॉ. मधुर कुमार ने सोमवार देर रात सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। अचानक पहुंचे एसीएमओ को देख अस्पताल के स्टाफ में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सबसे पहले उपस्थिति रजिस्टर की जांच की और इसके बाद इमरजेंसी वार्ड पहुंचकर वहां भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान एसीएमओ ने इमरजेंसी ट्रे की बारीकी से पड़ताल की और उसमें रखे इंजेक्शनों के संबंध में फार्मासिस्ट से पूछताछ की। उन्होंने निर्देश दिए कि यह ऑन-रोड सीएचसी है, इसलिए इमरजेंसी ट्रे पूरी तरह अपडेट और एक्यूरेट रहनी चाहिए तथा नियमित रूप से इसकी जांच की जानी चाहिए। इसके बाद उन्होंने महिला वार्ड और लेबर रूम का भी जायजा लिया।

एसीएमओ डॉ. मधुर कुमार ने बताया कि रात के समय ओपीडी संचालित नहीं होती, लेकिन इमरजेंसी सेवाएं पूरी तरह चालू पाई गईं और मरीज भर्ती मिले। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के समय डॉक्टर, इमरजेंसी ड्यूटी स्टाफ और वार्ड बॉय सभी अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद मिले। लेबर रूम के संबंध में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि वहां दो डिलीवरी हो चुकी थीं और दो प्रक्रियाधीन थीं। इसके अलावा बच्चों के टीकाकरण के प्रोटोकॉल भी पूरे पाए गए तथा मरीजों के तीमारदारों ने भी अस्पताल की व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।

अस्पताल में साफ-सफाई के स्तर पर नाराजगी जताते हुए एसीएमओ ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्था में तत्काल सुधार करने के कड़े निर्देश दिए।

रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

Post a Comment

0 Comments