इंजन ठीक करते समय धमाके के साथ फटा इंजन व्हील,चपेट में आकर मैकेनिक की दर्दनाक मौत।



हाथरस सासनी के गांव ऊस्वा में शुक्रवार सुबह डीजल इंजन की मरम्मत करते समय अचानक भील फटने से एक मिस्त्री की मौत हो गई। इस हादसे में इंजन मालिक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना कोतवाली सासनी क्षेत्र की खंडेलवाल चौकी के अंतर्गत हुई।मृतक की पहचान गांव ऊस्वा निवासी करीब 60 वर्षीय रामकिशन पुत्र सियाराम के रूप में हुई है।जोकि डीजल इंजन मरम्मत का काम करते थे।

 परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह लगभग सात बजे रामकिशन गांव में एक इंजन ठीक करने पहुंचे थे। इसी दौरान काम करते समय इंजन की भील फट गई। तेज धमाके के साथ हुए इस हादसे में रामकिशन गंभीर रूप से घायल हो गए। इंजन मालिक दीपक पुत्र रामबाबू (करीब 32 वर्ष) भी इसकी चपेट में आकर घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीण तुरंत एकत्रित हो गए। घायलों को उपचार के लिए ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन बताया गया कि रामकिशन की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर खंडेलवाल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई।पुलिस ने रामकिशन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि इंजन की भील पहले से ही चटकी हुई थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

Post a Comment

0 Comments