सासनी में अतिक्रमण हटाओ अभियान;कोतवाली प्रभारी विपिन चौधरी ने चलाया अभियान, जाम से मिलेगी मुक्ति

 

हाथरस जिले की सासनी नगर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से शनिवार को सासनी कोतवाली प्रभारी विपिन चौधरी ने पुलिस बल के साथ सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान सासनी चौराहा और जलेसर रोड पर सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटवाया गया।

मुख्य चौराहों और व्यस्त जलेसर रोड पर दुकानदारों द्वारा अपनी दुकानों का सामान सड़क सीमा तक फैलाकर रखने के कारण अक्सर भीषण जाम की स्थिति बनी रहती थी। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी होती थी। अतिक्रमण के कारण सड़कें संकुचित हो जाती थीं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती थी।

स्थानीय नागरिकों की शिकायतों और यातायात को सुचारू करने की आवश्यकता को देखते हुए कोतवाली प्रभारी विपिन चौधरी ने अपनी टीम के साथ मोर्चा संभाला। पुलिस बल ने सासनी चौराहा और जलेसर रोड पर मौके पर जाकर दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी। उन्हें अपनी दुकानों का सामान निर्धारित सीमा के भीतर ही रखने को कहा गया।

अभियान के दौरान सरकारी जमीन पर किए गए अस्थाई अतिक्रमण को हटाया गया और सड़क मार्ग को पूरी तरह से साफ कराया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से मुख्य मार्गों पर आवागमन आसान हुआ है, जिसकी आम जनमानस ने सराहना की है। कोतवाली प्रभारी ने दुकानदारों से भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की अपील की है, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

Post a Comment

0 Comments