हाथरस जिले में अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, पुलिस की नजरों से बचना आसान नहीं है। हाथरस में एटीएम तोड़कर नकदी चोरी करने का प्रयास करने वाले आरोपी को पुलिस ने एक अनोखे तरीके से गिरफ्तार किया है। खास बात यह रही कि आरोपी का चेहरा सीसीटीवी कैमरे में साफ दिखाई नहीं दे रहा था, लेकिन उसकी चाल और चप्पलों ने पुलिस को उस तक पहुंचा दिया।
पूरा मामला थाना मुरसान क्षेत्र के हाथरस-मथुरा रोड पर रेलवे स्टेशन मुरसान के सामने लगे एटीएम का है। 30 और 31 अक्टूबर की रात एक व्यक्ति ने लोहे के टायर लीवर से एटीएम तोड़कर नकदी निकालने का प्रयास किया था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में SOG और मुरसान पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। एटीएम के अंदर ट्यूबलाइट तोड़ दिए जाने के कारण कैमरे में आरोपी का चेहरा कैद नहीं हो पाया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।फुटेज में आरोपी की चाल, बाएं पैर पर पड़ने वाला दबाव और चौड़ी पट्टी वाली चप्पलों को अहम सुराग बनाया गया। जांच में पता चला कि सनी नाम के युवक के बाएं पैर में नेपाल में मिठाई बनाते समय जलने की चोट लगी थी। CCTV फुटेज से मिलान के बाद पुलिस का शक उसी पर गया।
पूछताछ में आरोपी ने नशे की लत पूरी करने के लिए एटीएम तोड़ने का प्रयास करने की बात कबूल की। पुलिस ने सनी पुत्र लख्मीचंद निवासी किला मढ़ैया, मुरसान को गिरफ्तार कर घटना में इस्तेमाल लोहे का टायर लीवर बरामद कर लिया है।

0 Comments