दवा व्यापारियों का राष्ट्रव्यापी बंद का आव्हान, कल बंद रहेगा खुदरा दवा बाजार,ऑनलाइन दवा व्यापार के विरोध में उतरे व्यापारी, औषधि निरीक्षक ने कहा,आम जनता को न हो कोई परेशानी।

 


हाथरस जिले में ऑनलाइन दवा व्यापार के विरोध में दवा व्यापारियों द्वारा कल देशव्यापी बंद का आव्हान किया गया है, जिसके तहत हाथरस का खुदरा (रिटेल) दवा बाजार भी बंद रहने की संभावना है। इस संबंध में जानकारी देते हुए औषधि निरीक्षक (ड्रग इंस्पेक्टर) राजकुमार शर्मा ने बताया कि दवा व्यापारियों के एक गुट ने कल बाजार बंद रखने का फैसला किया है, हालांकि कुछ व्यापारी इसके पक्ष में हैं और कुछ नहीं।

औषधि निरीक्षक राजकुमार शर्मा के अनुसार, दवा व्यापारियों का मानना है कि ऑनलाइन दवा व्यापार के कारण उनके पारंपरिक व्यवसाय पर बहुत बुरा असर पड़ रहा है। इसके अलावा, व्यापारियों ने यह चिंता भी जताई है कि ऑनलाइन माध्यम से दवाएं मंगाने पर नकली और सब-स्टैंडर्ड (खराब गुणवत्ता वाली) दवाओं की बिक्री की संभावना काफी बढ़ जाती है। इसी के विरोध में दवा व्यापारियों द्वारा इस राष्ट्रव्यापी आंदोलन और बंद का आयोजन किया जा रहा है।

राहत की बात यह है कि इस बंद से मरीजों और आम जनता को पूरी तरह प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। औषधि निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि नर्सिंग होम और अस्पतालों के अंदर संचालित होने वाली फार्मेसी पूरी तरह खुली रहेंगी। इसके साथ ही डॉक्टरों के प्राइवेट क्लीनिकों के भीतर मौजूद दवा की दुकानें भी इस बंद से बाहर रहेंगी ताकि आपातकालीन और जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।

औषधि निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने कहा: "हमारी तरफ से दवा व्यापारियों के साथ बैठक कर उन्हें आवश्यक हिदायत दी गई है। उनसे साफ तौर पर कहा गया है कि इस बंद के दौरान आम जनता और मरीजों को किसी भी तरह की परेशानी या असुविधा नहीं होनी चाहिए। व्यापारियों ने इस पर अपनी सहमति जताते हुए प्रशासन को आश्वस्त किया है। कल स्थिति पर पूरी नजर रखी जाएगी।

रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा।

Post a Comment

0 Comments