बुजुर्ग दंपति हत्याकांड का 72 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा, रिटायर्ड फौजी की दूसरी पत्नी समेत 3 हत्यारोपी गिरफ्तार,350 CCTV से मिला सुराग।

 


हाथरस जिले के सादाबाद कस्बे में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने महज 72 घंटे के अंदर खुलासा करने का दावा किया है। एसओजी, एंटी थेफ्ट टीम, थाना सादाबाद और थाना सहपऊ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने मृतक की दूसरी पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात के पीछे संपत्ति और आपसी संबंधों से जुड़ी साजिश सामने आई है।

दरअसल, 26 और 27 सितंबर की मध्यरात्रि सादाबाद के मोहल्ला इस्लामनगर में शमसुद्दीन और उनकी पहली पत्नी समीना उर्फ सद्दो की घर की पहली मंजिल पर धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद घर की अलमारी और बक्सों को खंगालकर आभूषण, नकदी और घड़ी समेत अन्य सामान भी ले जाया गया था। मामले में मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।

दोहरे हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हाथरस ने सात पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस ने घटनास्थल से मिले फुटप्रिंट, डॉग स्क्वायड, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ाई। पुलिस के अनुसार, करीब 350 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसी दौरान एक संदिग्ध की तस्वीर सामने आई, जिसे यक्ष ऐप के माध्यम से चेक करने पर आगरा के थाना सिकंदरा के एक हिस्ट्रीशीटर के रूप में पहचान किए जाने का दावा पुलिस ने किया।

पुलिस के मुताबिक, 30 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर आगरा-हाथरस मार्ग स्थित बंद पड़े अर्चना ढाबे के पास से दो आरोपियों को मोटरसाइकिल समेत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय और चीनी प्यारे उर्फ रामप्रकाश उर्फ भूरी सिंह के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने मृतक की दूसरी पत्नी सीमा को भी गिरफ्तार किया।

पुलिस का दावा है कि पूछताछ में सामने आया कि सीमा ने अपने पति शमसुद्दीन और उनकी पहली पत्नी की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस के अनुसार, संपत्ति मिलने के बाद 20 लाख रुपये देने का वादा किए जाने की बात भी पूछताछ में सामने आई है। आरोप है कि इसी साजिश के तहत आरोपियों ने पहले कई बार रेकी की और मौका नहीं मिलने पर 26/27 सितंबर की रात वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने सीमा के जरिए मकान में प्रवेश किया और शमसुद्दीन तथा समीना पर छुरे और नुकीले हथियार से हमला किया। हत्या के बाद घर से आभूषण, नकदी और अन्य सामान लेकर आरोपी फरार हो गए।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त छुरा, रक्तरंजित कपड़े, मोटरसाइकिल, करीब 4 हजार 20 रुपये नकद, घड़ी, मोबाइल फोन, आधार कार्ड और बड़ी संख्या में आभूषण बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार संजय थाना सिकंदरा का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी चीनी प्यारे को भी पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर बताया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Post a Comment

0 Comments