सासनी (हाथरस)। सासनी के आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग (NH 93) स्थित पुरानी सब्जी मंडी के पास एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान गर्भवती महिला की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया और उन्होंने अस्पताल के डॉक्टरों पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, हाथरस के मेंडु निवासी बंटू की 28 वर्षीय पत्नी पिंकी गर्भवती थी। प्रसव पीड़ा होने पर परिजन उसे सासनी के 'नव ज्योति नर्सिंग होम' लेकर आए थे। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों ने महिला को भर्ती कर लिया और लगातार आश्वासन देते रहे कि डिलीवरी नॉर्मल होगी। हालांकि, महिला की स्थिति बिगड़ती गई और मौत होने के बाद डॉक्टरों ने उसे अलीगढ़ रेफर करने की औपचारिकता पूरी की।
मृतका के परिजनों ने रोते हुए बताया कि पिंकी की शादी साल 2018 में हुई थी। शादी के कुछ समय बाद उनका एक बच्चा ऑपरेशन के दौरान खत्म हो गया था। करीब 8 साल के लंबे इंतजार के बाद घर में दोबारा खुशियां आने वाली थीं, लेकिन अस्पताल की लापरवाही ने उन खुशियों को मातम में बदल दिया।
महिला की मौत की खबर मिलते ही गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। इस दौरान डॉक्टरों और परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। सूचना पाकर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही है।
रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

0 Comments