हाथरस सासनी के उसवा में जलेबी खाने गए युवक के साथ मारपीट,गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर।

 


हाथरस सासनी क्षेत्र के गांव उसवा में गुरुवार सुबह एक युवक के साथ गांव के ही कुछ दबंगों ने बेरहमी से मारपीट कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात उस समय हुई जब युवक गांव की ही एक हलवाई की दुकान पर जलेबी खाने गया था। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है, वहीं पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उसवा निवासी सोहिल पुत्र बजरूद्दीन गुरुवार सुबह गांव में एक हलवाई की दुकान पर जलेबी खाने पहुंचा था। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद गांव के ही कुछ लोगों से उसकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जिसके बाद सोहिल पर हमला बोल दिया। मारपीट की आवाज सुनकर जब तक सोहिल के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक हमलावर उसे घायल कर वहां से फरार हो गए।

परिजनों ने तत्काल घायल युवक को सासनी कोतवाली पहुंचाया, जहां से पुलिस ने उसे डॉक्टरी परीक्षण और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सासनी भेजा। सीएचसी के डॉक्टरों ने युवक की गंभीर स्थिति और चोटों को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल हाथरस रेफर कर दिया है। परिजनों ने पुलिस को मामले में तहरीर दी है। सासनी कोतवाली प्रभारी विपिन चौधरी का कहना है कि मामले में जांच पड़ताल की जा रही है।

रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

Post a Comment

0 Comments