हाथरस के सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कहारान में बीती रात एक मकान में अचानक भीषण आग लगने से घर में सो रहे पति-पत्नी की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन आग की लपटों में घिरे दंपती को बचाया नहीं जा सका।
जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी रोजाना की तरह रात में अपने मकान में सो रहे थे। इसी दौरान अचानक अज्ञात कारणों से मकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दोनों घर के अंदर ही फंस गए। आग इतनी भीषण थी कि दोनों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। जब तक पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते, तब तक दोनों की जलने से मौत हो चुकी थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई। एसडीआरएफ अधिकारी रजत कुमार ने बताया कि उनकी ड्यूटी वृंदावन में थी। सादाबाद में मकान में आग लगने की सूचना मिलते ही वह अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। टीम के सभी जवानों को राहत एवं बचाव कार्य में लगाया गया है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मोहल्ले में शोक का माहौल है। मृतक शहजाद पुत्र मुन्ना व उनकी पत्नी सलमा बेगम की मौत हुई पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है

0 Comments