हाथरस जिले की सासनी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत विजयगढ़ रोड स्थित कृष्ण कॉलोनी के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहाँ एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सासनी के ग्राम बिझाहरि निवासी आकाश पुत्र लक्ष्मण सिंह अपनी बाइक से घर वापस जा रहा था। जैसे ही वह विजयगढ़ रोड पर कृष्ण कॉलोनी के समीप पहुँचा, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि आकाश सड़क पर गिरकर लहुलूहान हो गया। हादसे के बाद राहगीरों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई और सूचना मिलते ही घायल के परिजन भी बदहवास हालत में घटना स्थल पर पहुँच गए।
परिजनों ने आनन-फानन में घायल आकाश को उपचार के लिए सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहाँ प्राथमिक उपचार के बाद युवक की नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

0 Comments