हाथरस जिले की सदर कोतवाली क्षेत्र में रामलीला मैदान के निकट स्थित मानवता साड़ी हाउस में एक युवती से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। जहां आरोप है कि साड़ी शोरूम पर मौजूद एक कारीगर ने साड़ी दिखाने के बहाने युवती के साथ छेड़छाड़ कर दी।जब युवती ने इसका विरोध किया तो उसके साथ बदसलूकी की गई।युवती ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दे दी।युवती के परिजन शोरूम पर पहुंच गए।उन्होनें इसका विरोध किया।जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और शोरूम का शटर बंद कर दोनों पक्षों के बीच जमकर लात घूंसे और डंडे चलने लगे।जिससे मौके पर अफरा तफरी मच गई।
युवती के पिता भाजपा व्यापार मंडल प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष बताए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी दुकान पर कपड़े लेने गई थी, तभी वहां काम करने वाले युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ की। इसके बाद युवती के परिजन दुकान पर पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। युवती का भाई भी मौके पर पहुंचा, जो भाजपा युवा मंडल में मीडिया प्रभारी बताया गया है।घटना के दौरान शोरूम पर हंगामे की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि विवाद और मारपीट की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और दोनों पक्षों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments