अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो लोगो को मारी टक्कर,दोनों युवक गंभीर रूप से घायल,एक घायल अलीगढ़ रेफ़र।

 


हाथरस के सासनी कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना सिकुर गांव के पास हुई, जहां एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।घायलों की पहचान नगला आल निवासी सचिन पुत्र रामनिवास और खिटोली निवासी आकाश पुत्र महेंद्र सिंह के रूप में हुई है। दोनों युवक सासनी से केक लेकर खिटोली गांव में एक जन्मदिन समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

सिकुर गांव के समीप पहुंचते ही उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय ग्रामीण और राहगीर जमा हो गए।सूचना मिलते ही डायल 112 पीआरबी और गोहाना चौकी इंचार्ज जुगेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक चला रहे सचिन को गंभीर चोटें आईं, जबकि पीछे बैठे आकाश को मामूली चोटें लगीं।

राहगीरों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सासनी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सचिन की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ हायर सेंटर रेफर कर दिया है।पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

Post a Comment

0 Comments