हाथरस:मस्जिद के पास फायरिंग करने वाला बर्खास्त कर्मचारी गिरफ्तार, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई फायरिंग वारदात।

 


हाथरस जिले की सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के हुरमत गंज स्थित राइनो वाली मस्जिद के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नमाज से ठीक पहले एक युवक ने अवैध हथियार से सरेराह दो राउंड फायरिंग कर दी। करीब दो बजे हुई इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। यह पूरी वारदात पास में ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, फायरिंग करने वाला युवक स्थानीय निवासी है जो पहले नगर पालिका में चपरासी के पद पर तैनात था, लेकिन वर्तमान में उसे सेवा से बर्खास्त किया जा चुका है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक ने तमंचे में कारतूस लोड कर जानबूझकर दो बार फायर किए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि युवक ने कथित तौर पर केवल हथियार की जांच करने के उद्देश्य से 'शौकिया' अंदाज में यह फायरिंग की थी, लेकिन धार्मिक स्थल के समीप इस तरह की हरकत से स्थानीय लोगों में गहरा रोष व्याप्त है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। सिकंदराराऊ कोतवाली प्रभारी शिव कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है और उसके विरुद्ध सुसंगत धाराओं में विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि सार्वजनिक स्थान पर फायरिंग करना एक गंभीर अपराध है, चाहे हथियार अवैध हो या लाइसेंसी। शांति व्यवस्था भंग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा।

Post a Comment

0 Comments