हाथरस जिले की कोतवाली सिकंदराराऊ क्षेत्र में आज मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे एटा अलीगढ़ हाइवे पर उमरावपुर गांव के पास हाईवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि इस हादसे में नाती गंभीर रूप से घायल हो गया। एटा से सिकंदराराऊ की ओर आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मोटरसाइकिल सवार तीनों को पीछे से टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार खेड़िया खुर्द निवासी किताब श्री (75 वर्ष), उनके बेटे राज बहादुर (50 वर्ष) और नाती संजय (19 वर्ष) जलेसर में रिश्तेदारी में से एक गमी से लौटकर बाइक से अपने गांव जा रहे थे। अमरपुर गांव के पास पीछे से आई स्कॉर्पियो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मां-बेटे की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि संजय गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर आगे एक दुकान में जा घुसी।सूचना मिलते ही आसपास के थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए हालात को नियंत्रित किया और घायलों को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ पहुंचाया। चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल को हायर सेंटर रेफर किया गया।
घटना की सूचना परिजनों को दी गई। अपने लोगों की मौत की खबर सुनते ही परिजन सीएचसी सिकंदराराऊ पहुंच गए। भारी संख्या में गांव के लोग भी अस्पताल में एकत्रित हो गए और वहां पर विलाप करने लगे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाथरस भेज दिया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा।

0 Comments