हाथरस जिले की सासनी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सीकुर में जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई वारदात के 24 घंटे के भीतर की। आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किए गए हैं।
यह घटना 20 मार्च को हुई थी। ग्राम सीकुर निवासी वीनेश ने सासनी थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि उनके ससुर भीमसेन और ननद वर्षा खेत पर चारा काटने गए थे। इसी दौरान परिवार के अन्य सदस्यों ने जमीन के बंटवारे के पुराने विवाद को लेकर उनसे झगड़ा शुरू कर दिया।विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने भीमसेन के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। इसके बाद धारदार हथियार (दराती) से हमला कर उनकी हत्या कर दी। भीमसेन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर गठित टीमों ने ग्राउंड इंटेलिजेंस, टेक्निकल सर्विलांस और मुखबिरों की सूचना के आधार पर कार्रवाई की। शनिवार को पुलिस टीम ने विजयगढ़ रोड स्थित ग्राम कोमरी की पुलिया के पास से आरोपी पूरन सिंह और रवेन्द्र सिंह पुत्रगण वीरेन्द्र सिंह को गिरफ्तार किया।
आरोपियों की तलाशी के दौरान उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त तीन डंडे और एक दराती बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए दोनों आरोपी मृतक भीमसेन के सगे भाई हैं। प्रारंभिक पूछताछ में हत्या का कारण जमीन का आपसी विवाद सामने आया है।प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार के नेतृत्व वाली पुलिस टीम ने आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है।
रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

0 Comments