उत्तर प्रदेश के हाथरस जिला में आज ईद का पावन पर्व बड़े ही उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया गया। शहर के मुरसान गेट ईदगाह पर हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एकत्रित होकर ईद की नमाज अदा की।सुबह से ही ईदगाह के आसपास रौनक देखने को मिली। नए कपड़ों में सजे लोग, बच्चों के चेहरों पर खुशी, और हर ओर “ईद मुबारक” की गूंज ने माहौल को पूरी तरह से खुशनुमा बना दिया। एक दूसरे के गले लगकर ईद की मुबारकबाद दी। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया।पुलिस ने ड्रोन से निगरानी की। सपा और कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने ईदगाह पहुंचकर मुस्लिम समुदाय के लोगों को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।
ईदगाह में मुस्लिम धर्म गुरुओं ने विशेष नमाज अदा कराई। नमाज के दौरान देश की तरक्की, खुशहाली और आपसी भाईचारे के लिए दुआ मांगी गई। धर्म गुरुओं ने अपने संदेश में कहा कि ईद का पर्व हमें प्रेम, सद्भाव और एक-दूसरे की मदद करने की सीख देता है। उन्होंने सभी देशवासियों से आपसी मतभेद भुलाकर शांति और अमन-चैन के साथ रहने की अपील की।वही ईरान इजरायल युद्ध को बंद करने की बात भी कही।
वही लोगों का कहना है कि ईद का त्योहार केवल एक समुदाय का नहीं, बल्कि पूरे समाज को जोड़ने वाला पर्व है। इस मौके पर शहर के अन्य धर्मों के लोगों ने भी अपने मुस्लिम भाइयों को ईद की शुभकामनाएं दीं, जिससे सामाजिक सौहार्द की मिसाल देखने को मिली।कुल मिलाकर, हाथरस में ईद का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। नमाज के दौरान देश में अमन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ के साथ यह संदेश दिया गया कि हम सब मिलकर एक मजबूत और एकजुट भारत का निर्माण करें।

0 Comments