हाथरस जिलाधिकारी ने शुक्रवार को सासनी क्षेत्र का रुख करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और स्थानीय बस स्टैंड का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जहाँ स्वास्थ्य सेवाओं की बारीकियों को परखा, वहीं सार्वजनिक स्थलों पर अव्यवस्था मिलने पर अधिकारियों को कड़ी फटकार भी लगाई।निरीक्षण की शुरुआत बस स्टैंड से हुई, जहाँ मुख्य द्वार पर बेतरतीब खड़े वाहनों और अतिक्रमण को देख जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने पुलिस प्रशासन को तत्काल प्रभाव से स्टैंड के प्रवेश द्वार को अतिक्रमण मुक्त करने और यात्रियों की सहूलियत के लिए स्पष्ट बस समय-सारणी का सूचना पट्ट लगाने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी सीएचसी सासनी पहुँचे, जहाँ उन्होंने 'आयरन सुक्रोज सप्ताह' अभियान की जमीनी हकीकत जानी। उन्होंने एनीमिया से पीड़ित गर्भवती महिलाओं से सीधा संवाद करते हुए उनका हाल जाना और उन्हें खान-पान के प्रति जागरूक किया। जिलाधिकारी ने महिलाओं को सलाह दी कि वे अपने आहार में सुधार करें और भोजन बनाने के लिए लोहे की कढ़ाई का उपयोग करें, ताकि शरीर में प्राकृतिक रूप से खून की कमी को दूर किया जा सके।
अस्पताल की पैथोलॉजी और लेबर रूम के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सेवाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि जनपद में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है और अब सासनी सीएचसी में भी सिजेरियन ऑपरेशन (एलएससीएस) की सुविधा सुचारू है। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के साथ संवेदनशीलता से पेश आने, दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक रखने और परिसर में इंटरलॉकिंग कार्य को समय से पूरा करने की हिदायत दी। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित, सीएमओ राजीव गुप्ता, एसडीएम नीरज शर्मा और एमओआईसी डॉ. पंकज कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।



0 Comments