गांव निनामई में मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों में खूनी संघर्ष, एक युवती समेत दो घायल

 


हाथरस जिले की सासनी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव निनामाई में आपसी कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया, जहाँ दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। इस हिंसक झड़प में एक युवती समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मारपीट का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग हाथों में लाठी-डंडे लहराते हुए साफ नजर आ रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, गांव निनामाई में किसी पुरानी बात को लेकर दो गुटों में बहस शुरू हुई थी। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ओर से लाठियां निकल आईं। इस मारपीट में गांव निवासी मुस्कान पुत्री ज़मीर और असरफ पुत्र रफीक मोहम्मद लहूलुहान होकर घायल हो गए। शोर-शराबा सुनकर जब घायलों के परिजन मौके पर पहुंचे, तो हमलावर वहां से भाग खड़े हुए। सूचना मिलते ही पीआरवी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, जिसे देखकर अन्य लोगों भी तितर-बितर हो गए।

परिजनों द्वारा घायलों को तत्काल सासनी कोतवाली ले जाया गया, जहाँ से पुलिस ने उन्हें उपचार और डॉक्टरी परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया। अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा दोनों का उपचार किया जा रहा है। इस संबंध में सासनी कोतवाली के क्राइम प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि झगड़े की सूचना पर इलाका पुलिस को मौके पर भेजा गया था। घायलों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध करा दी गई है और मामले में जांचा पड़ताल शुरू कर दी है।

रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

Post a Comment

0 Comments