हाथरस जिले के आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर कोतवाली सासनी क्षेत्र के अंतर्गत बजाज एजेंसी के निकट एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक अपने वाहन समेत मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अलीगढ़ निवासी सौरव पुत्र सुशील अपने मित्र मनोज पुत्र किशनपाल के साथ बाइक पर सवार होकर अलीगढ़ की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक सासनी में आगरा-अलीगढ़ रोड स्थित बजाज एजेंसी के समीप पहुँची, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में पीछे से भीषण टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर गिरकर लहुलुहान हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पीआरवी 7908 और 108 एंबुलेंस तत्काल मौके पर पहुँच गई। पुलिस ने राहगीरों की मदद से आनन-फानन में दोनों घायलों को सासनी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया। जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है। अस्पताल पहुँची इलाका पुलिस ने घायलों के परिजनों को दुर्घटना की सूचना दे दी है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।



0 Comments