सासनी के सहरपुरा में क्रिकेट विवाद को लेकर खूनी संघर्ष, लाठी-डंडे और फरसे चले, 10 से अधिक घायल।

 


हाथरस जिले की सासनी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव सहरपुरा में मंगलवार को क्रिकेट खेलने के मामूली विवाद ने हिंसक रूप धारण कर लिया। दो पक्षों के बीच हुए इस भीषण संघर्ष में लाठी-डंडों के साथ-साथ धारदार फरसे भी चले, जिसमें दोनों ओर से करीब 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया और लहूलुहान घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।

घटनाक्रम के अनुसार, गांव सहरपुरा निवासी श्रीदेवी अपने पुत्र के साथ कस्बे में दवा लेने जा रही थीं। गांव के बाहर कुछ युवक क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर युवकों ने श्रीदेवी के मूक-बधिर पुत्र की पिटाई कर दी। जब महिला ने अपने पुत्र को बचाने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने महिला और उसके बेटों पर हमला बोल दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर खूनी संघर्ष हुआ।

इस मारपीट में एक पक्ष से 13 वर्षीय यीशु, 40 वर्षीय सतीश कुमार, 18 वर्षीय अंकुश, 16 वर्षीय कुलदीप और 18 वर्षीय अनु घायल हुए, जबकि दूसरे पक्ष से 23 वर्षीय विवेक, 25 वर्षीय नूतन, 28 वर्षीय गौरव, 16 वर्षीय अंकित और 20 वर्षीय अश्विनी सहित अन्य लोग चोटिल हुए। हिंसा का आलम यह रहा कि घायलों के अस्पताल पहुंचने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भी दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिससे अस्पताल परिसर में दहशत फैल गई।

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद यीशु और सतीश सहित पांच लोगों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। घायल किशोरी अनु ने विपक्षी पक्ष पर गंभीर शारीरिक प्रहार के आरोप लगाए हैं। सीएचसी प्रभारी डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि घायलों में कई की स्थिति गंभीर है। मामले में प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं मिली है। पुलिस को तहरीर मिलते ही संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

Post a Comment

0 Comments