हाथरस जिले की कोतवाली सासनी क्षेत्र के अंतर्गत ओम प्रकाश समामई पेट्रोल पंप पर सोमवार शाम दबंगों ने जमकर तांडव मचाया। सीएनजी भरवाने के दौरान लाइन में आगे गाड़ी लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने अपने दर्जनों साथियों को बुलाकर पंप पर धावा बोल दिया। इस दौरान न सिर्फ कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया, बल्कि कार्यालय में तोड़फोड़ करते हुए करीब 2 से 3 लाख रुपये की नकदी भी लूट ली गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की तलाश में जुट गई है।
पंप मैनेजर राजेंद्र सिंह द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, सोमवार शाम करीब 6 बजे कुछ युवक सीएनजी भरवाने आए थे। उन्होंने नियमों को ताक पर रखकर जबरन लाइन में आगे गाड़ी लगाने का प्रयास किया, जिसका पंप कर्मियों ने विरोध किया। शुरुआत में हुए विवाद के बाद आरोपी वहां से चले गए, लेकिन कुछ ही देर बाद सुसायत कलां गांव से करीब 25-30 हथियारबंद युवकों को बुला लिया। हमलावरों ने हाथों में सरिया, डंडे और हथियार लेकर पंप पर मौजूद कर्मचारियों को पीटना शुरू कर दिया। हमले से जान बचाकर कर्मचारी जब कार्यालय की ओर भागे, तो दबंगों ने वहां भी घुसकर जमकर तोड़फोड़ की और फर्नीचर व शीशे चकनाचूर कर दिए।
मैनेजर का आरोप है कि हमलावर जाते समय कर्मचारियों के पास मौजूद कलेक्शन के पैसे और ऑफिस के कैश काउंटर में रखे 2 से 3 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। इस हिंसक झड़प में कई कर्मचारी लहूलुहान हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। सरेआम हुई इस गुंडागर्दी की पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें हमलावर तांडव मचाते नजर आ रहे हैं। घटना से स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सासनी कोतवाली क्राइम प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर प्राप्त हो गई है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।



0 Comments