जिलाधिकारी अतुल वत्स ने सासनी का किया औचक निरीक्षण,NHAI और स्वास्थ्य विभाग को दिए कड़े निर्देश।

 


हाथरस जिलाधिकारी अतुल वत्स ने शुक्रवार को सासनी तहसील क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क सुरक्षा कार्यों का जायजा लिया और ईंट-भट्टों पर जाकर पल्स पोलियो अभियान की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण में खामियां मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

सड़क सुरक्षा में लापरवाही पर जताई नाराजगी।

निरीक्षण की शुरुआत राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) से हुई। जिलाधिकारी ने एनएचएआई द्वारा किए जा रहे पैचवर्क (गड्ढा मुक्ति), रोड मार्किंग और अन्य सुरक्षा मानकों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी कार्य समय सीमा के भीतर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

ईंट-भट्टों पर पल्स पोलियो अभियान का लिया जायजा।

इसके बाद जिलाधिकारी तहसील क्षेत्र के पांच ईंट-भट्टों पर पहुंचे। यहां उन्होंने पल्स पोलियो अभियान के तहत बच्चों के टीकाकरण की स्थिति जांची। निरीक्षण के दौरान दो ईंट-भट्टों पर टीकाकरण टीम नहीं मिलने और बच्चों के प्रतिरक्षण में लापरवाही पाए जाने पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि क्षेत्र का कोई भी बच्चा टीकाकरण से छूटना नहीं चाहिए और ईंट-भट्टों जैसे संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए।

श्रमिकों का जाना हाल, वितरित किए कंबल।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ईंट-भट्टा श्रमिकों और उनके बच्चों से भी संवाद किया। उन्होंने देखा कि बच्चों के पास पर्याप्त गर्म कपड़े और जूते हैं या नहीं। शासन की मंशा के अनुरूप, कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिलाधिकारी ने जरूरतमंद श्रमिकों को कंबलों का वितरण भी किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी श्रमिक का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उन्हें शासन की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाए।इस दौरान तहसील और विकास खंड स्तर के अन्य अधिकारी भी जिलाधिकारी के साथ मौजूद रहे।

रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

Post a Comment

0 Comments