हाथरस दून पब्लिक स्कूल में क्रिकेट मैदान पर विद्यालय प्रधानाचार्य जे० के० अग्रवाल के सुव्यवस्थित निर्देशन में आयोजित रोमांचक टी-20 मुकाबले में दून पब्लिक स्कूल, हाथरस की"दून प्रधानाचार्य एकादश"ने सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज, हाथरस की "सेंट फ्रांसिस एकादश" को 7 विकेट से पराजित कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। यह मुकाबला केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अनुशासन, उत्साह, सौहार्द और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा का जीवंत उदाहरण बन गया।
मैदान पर दोनों विद्यालयों के लगभग सभी स्टाफ सदस्य तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। दर्शकों की तालियों और उत्साहवर्धक नारों ने पूरे वातावरण को ऊर्जा और उमंग से भर दिया।"सेंट फ्रांसिस एकादश" की सधी हुई पारी में पहले बल्लेबाजी करते हुए "सेंट फ्रांसिस एकादश" ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 219 रन बनाए जिसमें कार्तिक मुरुगन ने (60) और शंकुल सिंह ने (51) टीम को मजबूत आधार प्रदान किया, जबकि निक्की शर्मा ने नाबाद 41 रन बनाकर अंत तक संघर्ष जारी रखा।"दून प्रधानाचार्य एकादश" की ओर से सोनू ने 2 विकेट लिए, जबकि मयंक और डॉ. आकाश गुप्ता ने 1-1 विकेट लेकर विपक्षी टीम की गति को नियंत्रित किया।
मयंक ने अपनी तेज गेंदबाज़ी से सभी को प्रभावित किया।
"दून प्रधानाचार्य एकादश" ने 219 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए आक्रामक और संतुलित खेल का प्रदर्शन किया। रोहित पौनिया ने 38 गेंदों पर 96 रन बनाकर पारी को धार दी, जबकि सोनू ने 22 गेंदों पर नाबाद 76 रन बनाकर जीत सुनिश्चित की। इसके पहले प्रधानाचार्य जे० के० अग्रवाल ने ओपनर के रूप में एक मजबूत शुरुवात की और उनका पहला विकेट 108 रनों के टीम स्कोर पर 9 वे ओवर में गिरा ।
दून की टीम ने मात्र 14 ओवर में 223 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया और दर्शकों को रोमांच से भर दिया।मैच के उपरांत आयोजित पुरस्कार समारोह में सोनू को "प्लेयर ऑफ द मैच" एवं सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज, रोहित पौनिया को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज तथा निक्की शर्मा को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक की ट्रॉफी दी गई । सभी विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं विजेता ट्रॉफी प्रदान की गई।
इस सफल आयोजन के पीछे केवल उत्कृष्ट खेल कौशल ही नहीं, बल्कि विद्यालय के प्रधानाचार्य जे० के० अग्रवाल और फादर प्रकाश डिसूजा के बीच वर्षों से चली आ रही आत्मीय मित्रता, आपसी विश्वास और सहयोग की भावना भी प्रमुख आधार रही।दोनों शिक्षाविदों ने यह सिद्ध कर दिया कि जब नेतृत्व में सम्मान और सौहार्द हो, तो प्रतिस्पर्धा भी सहयोग और प्रेरणा का माध्यम बन जाती है। मैदान के बाहर उनकी आत्मीय मुस्कान और परस्पर सम्मान ने विद्यार्थियों को सच्ची खेल भावना का संदेश दिया।सम्मान समारोह में प्रधानाचार्य जे०के०अग्रवाल, फादर जॉर्ज पॉल(मैनेजर एसएफएस) एवं फादर प्रकाश डिसूजा(प्रिंसिपल एसएफएस) भी उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों के उत्साह, अनुशासन और टीमवर्क की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
फादर प्रकाश डिसूजा ने कहा कि यह ऐतिहासिक मुकाबला खेल, नेतृत्व, मित्रता और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा का प्रेरक अध्याय बन गया, जिसे लंबे समय तक स्मरण किया जाएगा।इस अवसर पर दून पब्लिक स्कूल, हाथरस की कक्षा ग्यारहवीं की छात्रा इतिशा अग्रवाल (स्पोर्ट्स सेक्रेट्री) को विद्यालय में वर्षभर खेल क्षेत्र में उनके सराहनीय योगदान हेतु दोनों प्रधानाचार्यों की ओर से उन्हें विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य जे० के० अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि
आज का यह मुकाबला केवल जीत और हार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह खेल भावना, अनुशासन और आपसी सम्मान का उत्सव है। खेल हमें सिखाता है कि सफलता टीमवर्क, विश्वास और निरंतर प्रयास से मिलती है। मुझे अपने सभी खिलाड़ियों पर गर्व है जिन्होंने मैदान में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ-साथ मर्यादा और सौहार्द का भी परिचय दिया।हमारा उद्देश्य केवल ट्रॉफी जीतना नहीं, बल्कि ऐसे नागरिक तैयार करना है जो जीवन के हर क्षेत्र में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और सहयोग की भावना को आगे बढ़ाएँ।”
उन्होंने दोनों विद्यालयों के बीच भविष्य में भी ऐसे मैत्रीपूर्ण आयोजनों की निरंतरता की आशा व्यक्त की और उनके विद्यार्थियों के बीच भी कॉलेबोरेटिव प्रोजेक्ट्स की बात भी की । क्रिकेट मैच का अगला मुकाबला सेंट फ्रांसिस स्कूल के मैदान पर आयोजित किया जाएगा।






0 Comments