आशाओं ने मानदेय वृद्धि को लेकर सासनी सीएचसी पर किया प्रदर्शन, टीकाकरण का बहिष्कार

 


 हाथरस जिले में सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सासनी पर अपनी विभिन्न मांगों, मुख्य रूप से मानदेय में बढ़ोतरी को लेकर आशा कार्यकर्ताओं ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान आशाओं ने स्वास्थ्य सेवाओं का कार्य बहिष्कार करते हुए जमकर नारेबाजी की और उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।

धरने पर बैठी आशा कार्यकर्ताओं ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें मात्र दो हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है, जो कि मौजूदा महंगाई के दौर में बेहद कम है। दिन-रात काम करने के बावजूद उन्हें उचित पारिश्रमिक नहीं मिल पा रहा है। विरोध जताते हुए आशाओं ने नियमित टीकाकरण समेत अन्य विभागीय कार्यों का पूर्ण बहिष्कार किया और शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर जल्द मानदेय बढ़ाए जाने की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना है कि यदि समय रहते उनकी समस्याओं का स्थाई समाधान नहीं निकाला गया, तो वे बड़े स्तर पर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगी। प्रदर्शन करने वालों में मिथिला देवी, सुशीला देवी, शशी वाला, अख्‍तर बेगम, शीला, मीना देवी नजमा मलिक, मीरा, सीमा, रमा, पिंकी, मिथिलेशृ सुनीता देवी, राखी देवी, मुंद्रा देवी, सरोज, कुसुम प्रिया सहित सौ से अधिक आशा मौजूद थीं। 

मामले को लेकर सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी (एमओआईसी) डॉक्टर पंकज सिंह ने बताया कि धरने पर बैठी आशा कार्यकर्ताओं का ज्ञापन ले लिया गया है। उनकी मांगों और समस्याओं से उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। आगे की आवश्यक कार्रवाई उच्च स्तर से ही की जाएगी।

रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

Post a Comment

0 Comments