जटोई गांव में समर्सिबल की कोठरी में निकला 5 फीट लंबा अजगर, ग्रामीणों में मचा हड़कंप,वन विभाग ने किया रेस्क्यू।

हाथरस जिले के सादाबाद क्षेत्र के गांव जटोई में उस समय हड़कंप मच गया, जब खेत के पास बनी स्मार्सिबल की कोठरी में ग्रामीणों को करीब 5 फीट लंबा अजगर दिखाई दिया। अजगर को देखते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।ग्रामीणों ने तत्काल मामले की सूचना वन विभाग की टीम को दी।

इसी बीच वन विभाग की टीम के पहुंचने से पहले रेस्क्यू एक्सपर्ट संजय उर्फ जहरीला भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने स्थिति का जायजा लेने के बाद अजगर को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू शुरू किया।बताया जा रहा है कि अजगर को पकड़ना आसान नहीं था। रेस्क्यू के दौरान काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयास के बाद संजय उर्फ जहरीला ने अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया।

कुछ देर बाद मौके पर वन विभाग की टीम भी पहुंच गई और अजगर को अपने कब्जे में ले लिया। वन विभाग की टीम द्वारा अजगर को सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की बात कही गई है।अजगर के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते अजगर की जानकारी मिल जाने से किसी अनहोनी की आशंका टल गई। वहीं, रेस्क्यू के दौरान मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ अजगर को देखने के लिए जुटी रही।


Post a Comment

0 Comments