सासनी के सुसायत कलां गांव में खेत पर निकला 12 फीट लंबा अजगर, ग्रामीणों में मचा हड़कंप

हाथरस जिले के सासनी क्षेत्र के गांव सुसायत कलां में गुरुवार की सुबह खेत पर अचानक 12 फीट लंबा भारी-भरकम अजगर निकल आने से किसानों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार की सुबह करीब ग्यारह बजे गांव सुसायत कलां स्थित प्रेमपाल के खेत के पास एक विशालकाय अजगर आ गया। वहां से गुजर रहे एक किसान ने जब इतनी बड़ी प्रजाति के सांप को देखा, तो उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत शोर मचाकर आसपास के खेतों में काम कर रहे अन्य किसानों को इसकी जानकारी दी। देखते ही देखते अजगर निकलने की खबर गांव में जंगल की आग की तरह फैल गई और उसे देखने के लिए मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

ग्रामीणों की बढ़ती भीड़ और संभावित खतरे को भांपते हुए तत्काल इसकी सूचना पुलिस और वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस और वन विभाग के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम ने सूझबूझ का परिचय देते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और लगभग 12 फीट लंबे इस अजगर को सफलतापूपर्वक अपने कब्जे में ले लिया। अजगर को पकड़कर सुरक्षित प्राकृतिक वास में छोड़े जाने के बाद किसानों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

Post a Comment

0 Comments