हाथरस जिले के सासनी कोतवाली क्षेत्र के आगरा-अलीगढ़ हाईवे एनएच-93 पर रविवार की शाम एक अनियंत्रित थार कार ने भीषण सड़क हादसे को अंजाम दिया। तेज रफ्तार थार ने पहले एक लोडर और फिर ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में लोडर चालक घायल हो गया, जबकि थार सवार चालक घटना के बाद गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे के चलते हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारू कराया।
घटना रविवार शाम करीब 6:30 बजे गांव समामई स्थित गंदे नाले के निकट हुई। ई-रिक्शा चालक पुराण पुत्र बनारसी दास, जो सासनी के नगला हरिया का निवासी है उसने बताया कि वह सासनी से अपने गांव की ओर जा रहा था। रास्ते में लघु शंका के लिए उसने अपना ई-रिक्शा सड़क किनारे खड़ा किया था। इसी दौरान अलीगढ़ की तरफ से आई एक तेज रफ्तार थार ने उसके ई-रिक्शा को रौंद दिया, जिससे ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि चालक पुराण बाल-बाल बच गया।
वहीं, इसी हादसे की चपेट में एक लोडर भी आ गया। लोडर चालक राकेश पुत्र किशोरीलाल, निवासी ऊँचा गांव सुसायन (सादाबाद), ने बताया कि वह सासनी से भाड़ा छोड़कर सीएनजी डलवाने के लिए समामई स्थित पेट्रोल पंप की ओर जा रहा था। तभी तेज रफ्तार थार ने उसके लोडर को टक्कर मार दी, जिससे लोडर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में लोडर चालक राकेश घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अनियंत्रित थार सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी।
घटनास्थल पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर कस्बा इंचार्ज दीपक शुक्ला अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया।
रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

0 Comments