हाथरस जिले के सासनी क्षेत्र के गांव मोहरिया के मजरा अलीपुर में मंगलवार की शाम बंदरों के आतंक ने एक 16 वर्षीय किशोरी की जिंदगी को खतरे में डाल दिया। छत पर कपड़े उतारने गई किशोरी पर बंदरों ने अचानक हमला बोल दिया, जिससे घबराकर वह छत से नीचे जा गिरी। गंभीर रूप से घायल किशोरी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, अलीपुर निवासी सुमित की 16 वर्षीय पुत्री राधिका मंगलवार शाम को अपने घर की छत पर सूखे कपड़े उतारने के लिए गई थी। इसी बीच वहां मौजूद बंदरों ने अचानक उस पर धावा बोल दिया। बंदरों के आक्रामक व्यवहार से किशोरी बुरी तरह घबरा गई और बचाव के प्रयास में अपना संतुलन खो बैठी, जिससे वह सीधे नीचे आ गिरी।
घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आनन-फानन में स्वजन घायल किशोरी को लेकर सासनी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां मौजूद चिकित्सकों ने किशोरी का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन सिर और शरीर में गंभीर चोटें होने के कारण उसकी स्थिति को नाजुक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद से गांव में बंदरों के आतंक को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

0 Comments