राजेंद्र लोहिया विद्या मंदिर में धूमधाम से मनाया गया स्थापना दिवस व सम्मान समारोह,हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के मेधावी छात्र-छात्राएं हुए पुरस्कृत

 


हाथरस। स्थानीय राजेंद्र लोहिया विद्या मंदिर में आज, 14 जुलाई 2026 को विद्यालय का स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह बेहद हर्षाेल्लास और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। इस भव्य समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले होनहार छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।  33वें फाउंडर्स डे का यह आयोजन सभी उपस्थित लोगों के लिए यादगार एवं प्रेरणादायक बन गया। समारोह के दौरान विद्यालय की होनहार छात्रा खुशी सिंह (कक्षा 12), जिन्होंने न केवल विद्यालय बल्कि पूरे मंडल में सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया, को विद्यालय प्रबंधन द्वारा ₹11,000 की नगद पुरस्कार राशि एवं सम्मान-पत्र प्रदान कर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। 

विद्यालय के प्रबन्धक श्री कपिल लोहिया ने अपने संबोधन में कहा, कि एक प्रबन्धक के रूप में जब मैं आज इस विशाल प्रांगण को देखता हूँ, तो मेरा मन गर्व और कृतज्ञता से भर जाता है। किसी भी संस्थान की पहचान उसकी भव्य इमारतों से नहीं, बल्कि उसके भीतर पल रहे सपनों, उसके विज़न और उसकी वैचारिक दृढ़ता से होती है। जब इस विद्यालय की स्थापना की गई थी, तब हमारे सामने एक ही ध्येय था। एक ऐसा मार्ग प्रशस्त करना जहाँ ग्रामीण और शहरी परिवेश के बीच की दूरी मिटे, और हर बच्चे को वैश्विक स्तर की आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ हमारी समृद्ध संस्कृति के संस्कार मिल सकें।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे पूर्व पालिकाध्यक्ष पं० आशीष शर्मा ने माँ सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने उपस्थित बच्चों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने और अनुशासित रहकर लक्ष्य प्राप्त करने की प्रेरणा दी। उन्होंने विद्यालय परिवार को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके प्रयासों की सराहना की। समारोह के मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे विद्यालय के वो मेधावी छात्र-छात्राएं, जिन्होंने बोर्ड परीक्षाओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

 कार्यक्रम के दौरान हाईस्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर छात्र-छात्राओं के चेहरे खिल उठे और पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। आज मुझे यह कहते हुए बेहद खुशी है कि प्रधानाचार्य जी के कुशल नेतृत्व में हमारी पूरी टीम ने उस विज़न को ज़मीन पर उतारा है। हमने केवल पाठ्यक्रम पूरा करने पर ध्यान नहीं दिया, बल्कि खेल, कला, विज्ञान और नवाचार के हर क्षेत्र में अपने विद्यार्थियों को उड़ने के लिए एक खुला आसमान दिया है। 

इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य कपिल भाटिया ने विद्या मंदिर के स्थापना दिवस की सभी को हार्दिक बधाई दी और आत्मीय अभिनंदन किया। उन्होंने कहा आज का यह दिन हमारे लिए केवल एक तारीख नहीं, बल्कि एक गौरवशाली यात्रा का उत्सव है। आज से वर्षाे पूर्व जब इस संस्थान की नींव रखी गई थी, तब एक ही संकल्प था। एक ऐसा शिक्षण संस्थान खड़ा करना जहाँ न केवल अक्षरों का ज्ञान दिया जाए, बल्कि चरित्र का निर्माण हो, संस्कारों की फसल लहलहाए और राष्ट्र को सच्चे नागरिक मिलें। मुझे यह कहते हुए अत्यंत गर्व और संतोष की अनुभूति हो रही है कि हमारे समर्पित शिक्षकों की कड़ी मेहनत, विद्यार्थियों के कड़े परिश्रम और आप सभी अभिभावकों के अटूट विश्वास के बल पर आज राजेंद्र लोहिया विद्या मंदिर सफलता के उस मुकाम पर है, जिसकी कल्पना इसके संस्थापकों ने की थी।

बदलते तकनीकी युग और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी-2020) की भावना के अनुरूप राजेंद्र लोहिया विद्या मंदिर, हाथरस में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (Artificial Intelligence & AI) शिक्षा का शुभारंभ किया जा रहा है। विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल पारंपरिक शिक्षा तक सीमित न रखकर उन्हें आधुनिक तकनीकों एवं भविष्य की उभरती हुई आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना है। ए.आई. शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता, मशीन लर्निंग की मूलभूत अवधारणाओं, तार्किक सोच, समस्या समाधान, नवाचार तथा डिजिटल कौशल से परिचित कराया जाएगा, जिससे वे भविष्य की प्रतिस्पर्धी दुनिया में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें। 

आप इस संस्थान की आत्मा हैं। जब आप यहाँ से शिक्षा पूरी करके समाज में जाएँ, तो आपकी पहचान केवल इस बात से न हो कि आप कितने बड़े पद पर हैं, बल्कि इस बात से हो कि आप कितने संवेदनशील, ईमानदार और ज़िम्मेदार इंसान हैं। याद रखिए, सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता; आपकी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प ही आपको मंज़िल तक पहुँचाएंगे। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ, प्रबुद्ध जन और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments