हाथरस दून पब्लिक स्कूल ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक गुणवत्ता, नवाचारपूर्ण शिक्षण प्रणाली एवं विद्यार्थियों की असाधारण प्रतिभा का परिचय देते हुए इंडियन टैलेंट ओलंपियाड (ITO) 2025–26 में राष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धि अर्जित की है। विद्यालय ने देश के टाॅप 100 स्कूलों में अपना गौरवपूर्ण स्थान बनाते हुए प्रतिष्ठित "गोल्डन स्कूल अवार्ड"प्राप्त किया।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के साथ विद्यालय के प्रेरणास्रोत एवं दूरदर्शी प्रधानाचार्य जे. के. अग्रवाल को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट नेतृत्व, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए "बेस्ट प्रधानाचार्य अवार्ड" से सम्मानित किया गया। वहीं विद्यालय के ओलंपियाड कोऑर्डिनेटर नैतिक राठौर को विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु प्रेरित करने, प्रभावी मार्गदर्शन एवं सफल समन्वय के लिए बेस्ट कोऑर्डिनेटर अवार्ड प्रदान किया गया।
विद्यालय के विद्यार्थियों ने भी इंडियन टैलेंट ओलंपियाड के "मैथमेटिक्स ओलंपियाड" में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाया। कक्षा प्रथम के प्रतिभाशाली छात्र भाव्यांश ने स्टेट लेवल पर चौथी रैंक प्राप्त कर ₹1000 का चेक पुरस्कार स्वरूप एवं सम्मान-पत्र अर्जित किया साथ ही कक्षा चौथी के छात्र यश सिंह ने स्टेट लेवल पर सातवीं रैंक हासिल कर ₹700 का चेक पुरस्कार स्वरूप प्राप्त किया।इसके अतिरिक्त कक्षा द्वितीय के छात्र मुदित ने स्टेट लेवल पर 21वीं रैंक, कक्षा तृतीय के छात्र यशस्व ने 23वीं रैंक तथा कक्षा नौवीं की छात्रा रिद्धि ने 25वीं रैंक प्राप्त कर "एक्सीलेंस अवॉर्ड" से सम्मानित होकर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।
विद्यालय की उपलब्धियों में एक और स्वर्णिम अध्याय तब जुड़ा, जब साइंस ओलंपियाड फाऊंडेशन (SOF) द्वारा आयोजित इंटरनेशनल मैथमेटिक्स ओलंपियाड (IMO) में दून पब्लिक स्कूल के 12 विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल प्राप्त किए। यह उपलब्धि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नियमित अभ्यास एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति सकारात्मक वातावरण का प्रत्यक्ष प्रमाण है।विद्यालय प्रबंधन ने इस अभूतपूर्व सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की अथक मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन, अभिभावकों के अटूट सहयोग तथा विद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक व्यवस्था को दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य जे. के. अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा—कि दून पब्लिक स्कूल की यह उपलब्धि केवल पुरस्कारों की संख्या नहीं, बल्कि हमारे विद्यार्थियों की प्रतिभा, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के विश्वास का परिणाम है। हमारा उद्देश्य केवल परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त कराना नहीं, बल्कि प्रत्येक विद्यार्थी में आत्मविश्वास, नवाचार, तार्किक सोच और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप क्षमता विकसित करना है। हमें गर्व है कि हमारे विद्यार्थी राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। यह सम्मान पूरे विद्यालय परिवार का है और हमें भविष्य में भी उत्कृष्टता की नई ऊँचाइयों को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रेरित करता रहेगा।"
प्रधानाचार्य ने सभी सम्मानित विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। दून पब्लिक स्कूल की यह सफलता न केवल विद्यालय, बल्कि सम्पूर्ण हाथरस जनपद के लिए गर्व का विषय है तथा यह सिद्ध करती है कि समर्पित प्रयास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सशक्त नेतृत्व से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट पहचान स्थापित की जा सकती है।

0 Comments