उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले की सासनी कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को हुए सड़क हादसे में घायल पीआरडी जवान की बुधवार देर रात मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल जवान ने अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान सासनी के नगला सिंह निवासी 55 वर्षीय रमेश चंद पुत्र भूरी सिंह के रूप में हुई है, जो पीआरडी में जवान के पद पर तैनात थे। मंगलवार को वह अपनी ड्यूटी पर जाने के लिए मोपेड से सासनी आ रहे थे। सासनी में गोहाना चौकी पुल के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोपेड को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद राहगीरों और ग्रामीणों ने घायल जवान को सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें हाथरस जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बेहतर इलाज के लिए उन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां बुधवार देर रात उनकी मृत्यु हो गई।
रमेश चंद अपने पीछे चार बच्चों को छोड़ गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश कर रही है।
रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

0 Comments