रेलवे कॉलोनी में विवाहिता का शव फांसी फंदे पर लटका मिलने से मचा हड़कंप,पुलिस जांच में जुटी।

 


हाथरस जिले के सासनी स्थित रेलवे कॉलोनी में एक 25 वर्षीय विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना बुधवार शाम की है, जब महिला के पति ड्यूटी पर गए हुए थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका की पहचान राजकुमारी (25 वर्ष) पत्नी आकाश के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बुधवार शाम करीब 4:00 बजे आकाश अपनी ड्यूटी के लिए सासनी स्टेशन चले गए थे। घर पर राजकुमारी अपने तीन बच्चों—6 वर्षीय हेमंत, 4 वर्षीय दीपिका और 2 वर्षीय प्रियांशु—के साथ अकेली थीं।इसी दौरान राजकुमारी ने कमरे के अंदर से दरवाजा बंद कर लिया और तीनों बच्चों को घर से बाहर निकाल दिया। कुछ देर बाद जब बच्चों ने वापस आकर दरवाजा खटखटाया और कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो उन्होंने खिड़की से अपनी मां को फंदे पर लटका देखा।

घबराए बच्चों ने तुरंत अपने पिता को घटना की सूचना दी, जो पास ही स्थित सासनी रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी पर थे। सूचना मिलते ही पति बदहवास होकर क्वार्टर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।बताया जा रहा है कि राजकुमारी की शादी करीब 8 साल पहले आकाश के साथ हुई थी। तीन छोटे बच्चों की मां द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम से क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की जानकारी मिलते ही पति ने अपने परिजनों व महिला के मायके पक्ष को सूचित किया। प्रभारी निरीक्षक विपिन चौधरी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

Post a Comment

0 Comments