नारकीय जीवन जीने को मजबूर हाथरस आवास विकास के बाशिंदे,अस्सी दिनों से गली में भरा है गंदा पानी,अधिशासी अधिकारी से शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई।

हाथरस नगर पालिका प्रशासन की घोर लापरवाही के कारण हाथरस कस्बा के आवास विकास कॉलोनी, सेक्टर 2 के निवासी पिछले 80 दिनों से नारकीय जीवन जीने को विवश हैं। कॉलोनी की मुख्य गली पूरी तरह से जलमग्न हो चुकी है। जलभराव की इस गंभीर समस्या से स्थानीय नागरिकों में नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है। गुरूवार को स्थानीय निवासियों ने डीएम अतुल वत्स से ब्हाटसप पर शिकायत कर समस्या के समाधान की मांग की है।

 यहां के निवासियों का कहना है कि गली में गंदे पानी के भराव की समस्या को लेकर कई बार नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद अधिकारी इस गंभीर समस्या पर आंखें मूंदे बैठे हैं। बार-बार गुहार लगाने के बाद भी धरातल पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे नगर पालिका के दावों की पोल खुल रही है। गली में भरे बदबूदार पानी के कारण सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है। स्थिति इतनी बदतर हो चुकी है कि स्कूल जाने वाले बच्चे और बुजुर्ग आए दिन इस गंदे पानी में गिरकर चोटिल हो रहे हैं।

 चारों तरफ फैली गंदगी के कारण क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी तेजी से बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे। लोगों ने समस्या समाधान के लिए गली में एकत्र होकर नगर पालिका अफसरान के खिलाफ प्रदर्शन भी किया। प्रदर्शन करने वालों में  कालोनी के  तमाम लोग मौजूद थे।


Post a Comment

0 Comments