हाथरस जिले की सिकंदराराऊ कोतवाली नगर के मोहल्ला नयागंज स्थित अनिल हॉस्पिटल में रविवार की रात एक मरीज की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। मरीज की मौत से आक्रोशित परिजनों और उनके समर्थकों ने अस्पताल परिसर में बवाल काटा और मारपीट भी की। मामला बड़ा रूप अख्तियार करता, इससे पहले ही सूचना मिलते ही एसडीएम संजय कुमार, सीओ अमित पाठक और इंस्पेक्टर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए समय रहते स्थिति को संभाल लिया और किसी भी बड़ी अप्रिय घटना को टाल दिया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, नगर के ही मोहल्ला नौरंगाबाद निवासी एक युवक शनिवार को इलाज के लिए अनिल हॉस्पिटल आया था, जहां से वह दवा लेकर घर लौट गया था। रविवार की सुबह अचानक उसकी तबीयत फिर से बिगड़ गई, जिसके बाद उसे दोबारा अस्पताल लाया गया। अस्पताल के डॉक्टरों ने मरीज की गंभीर हालत को देखते हुए उसे अलीगढ़ ले जाने की सलाह दी थी, लेकिन परिजनों ने यहीं पर इलाज जारी रखने का आग्रह किया। इलाज के दौरान रविवार की शाम करीब 8:00 बजे युवक के छोटे पुत्र साबिर की मौत हो गई।
जैसे ही मौत की खबर मृतक के मोहल्ले में पहुंची, बड़ी संख्या में लोग अस्पताल परिसर में इकट्ठा हो गए। उत्तेजित भीड़ ने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान नयागंज बाजार के कुछ युवकों के साथ मारपीट भी हुई, जिससे वे घायल हो गए। हंगामे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस भारी फोर्स के साथ मौके पर आ गई और भीड़ को खदेड़कर स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में लिया।
इस पूरे मामले पर अस्पताल के स्वामी डॉ. मिथिलेश वार्ष्णेय का कहना है कि मृतक के फेफड़े काफी कमजोर थे, जिसका डॉक्टरों ने अपनी तरफ से भरपूर इलाज किया। उन्होंने परिजनों को अलीगढ़ ले जाने के लिए भी कहा था, लेकिन वे यहीं इलाज कराने की जिद पर अड़े रहे। वहीं, कोतवाल शिवकुमार शर्मा ने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह शांत है। यदि मृतक के परिजन लिखित शिकायत करते हैं और चाहेंगे, तो मृत्यु का सही कारण जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके साथ ही हंगामे और मारपीट में जो युवक घायल हुए हैं, उनका भी चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है।

0 Comments