राज्य परिवर्तन आयोग से आये विशेषज्ञ राठौर एवं नीति आयोग के प्रतिनिधि ने सादाबाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया।



उत्तर प्रदेश शासन के राज्य परिवर्तन आयोग से आये विशेषज्ञ अवनेंद्र कुमार राठौर एवं नीति आयोग के प्रतिनिधि द्वारा आज हाथरस जनपद के सादाबाद ब्लॉक में स्वास्थ्य सेवाओं का गहन निरीक्षण किया गया। इस दौरान मातृ मृत्यु दर के कारणों को जानने और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद का दौरा किया गया। निरीक्षण के दौरान उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ आई एम आलम एवं डॉ आर एन सिंह भी मौजूद रहे और उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी अधिकारियों को उपलब्ध कराई।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल में प्रसूता महिलाओं को मिलने वाली सुविधाओं, प्रसव कक्ष की व्यवस्थाओं, महिला मरीजों की देखभाल, दवाओं की उपलब्धता तथा चिकित्सकीय संसाधनों की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया गया। विशेषज्ञ टीम ने स्वास्थ्य केंद्र पर आने वाली गर्भवती महिलाओं के उपचार, समय पर जांच एवं सुरक्षित प्रसव को लेकर चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों से विस्तृत चर्चा की। साथ ही मातृ मृत्यु दर को कम करने के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के प्रभाव और उनकी जमीनी स्थिति की भी समीक्षा की गई।

इसके अलावा टीम ने अरबन पीएचसी सादाबाद एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चंदपा का भी निरीक्षण किया। यहां स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, साफ-सफाई, टीकाकरण व्यवस्था, मरीजों को मिलने वाली सुविधाएं तथा स्वास्थ्य कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए और कहा कि गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी एवं समय पर उपचार सुनिश्चित किया जाए ताकि मातृ मृत्यु दर में कमी लाई जा सके।इस निरीक्षण को स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments