सासनी में दो बाइकों की भीषण भिड़ंत, हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल।

 


हाथरस जिले के सासनी रविवार की सुबह जलेसर रोड स्थित गंदे नाले के समीप दो बाइकों के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई, जिसे देख स्थानीय राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुँची और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेते हुए बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने तत्काल सभी घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।

विवरण के अनुसार, दरकोला निवासी 60 वर्षीय रोदास अपने साथी काश नगला निवासी 62 वर्षीय हरवीर के साथ बाइक पर सवार होकर कस्बे से अपने गांव की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक जलेसर रोड पर गंदे नाले के पास पहुँची, तभी सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक पर 18 वर्षीय सूरज और उसके पिता 45 वर्षीय सत्यपाल सवार थे, जो जंक्शन की ओर से आ रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर खून बिखर गया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. हितेश कुमार ने बताया कि अस्पताल लाए गए चारों घायलों की स्थिति काफी चिंताजनक थी। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें होने के कारण प्राथमिक चिकित्सा के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त बाइकों को थाने पहुँचा दिया है।

रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

Post a Comment

0 Comments