हाथरस के हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक तस्वीर ने पुलिस और प्रशासन की नींद उड़ा दी है। इस तस्वीर में एक युवक हाथ में अवैध तमंचा लेकर बेहद आक्रामक अंदाज में पोज देता नजर आ रहा है। युवक की यह हरकत न केवल कानून का खुला उल्लंघन है, बल्कि समाज में बढ़ते 'हथियार कल्चर' और युवाओं में रील व फोटो के जरिए फर्जी रूतबा कायम करने की खतरनाक होड़ को भी दर्शाती है।
आजकल के दौर में युवाओं के बीच खुद को सोशल मीडिया पर चर्चित करने का जुनून इस कदर बढ़ गया है कि वे इसके लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं। वायरल हो रहे इस फोटो में युवक का इरादा स्पष्ट रूप से दहशत फैलाना और फॉलोअर्स की संख्या बढ़ाना प्रतीत होता है। अपनी इस एक गलती से युवक ने न केवल अपना भविष्य खतरे में डाल दिया है, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि ऐसे मामलों में युवाओं को यह अहसास होना जरूरी है कि सोशल मीडिया की चंद मिनटों की शोहरत उन्हें जेल की सलाखों के पीछे पहुँचा सकती है।
हालांकि पुलिस पूर्व में भी इस तरह के कई मामलों में आरोपियों को जेल भेज चुकी है, लेकिन इसके बावजूद युवाओं के व्यवहार में अपेक्षित बदलाव नहीं आ रहा है। हाथरस गेट पुलिस अब वायरल फोटो के आधार पर युवक की तलाश में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फोटो की सत्यता की जांच की जा रही है और आरोपी युवक की पहचान होते ही उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रशासन की ओर से अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे अपने बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखें ताकि वे इस तरह के अपराधों का हिस्सा न बनें।
रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा।

0 Comments