सासनी पुलिस को बड़ी सफलता: दो किलो गांजा के साथ शातिर अपराधी कलुआ गिरफ्तार, दर्जनों संगीन मामले हैं दर्ज

 



हाथरस। जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सासनी पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के आदेशानुसार और अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाह के निर्देशन में थाना सासनी पुलिस ने चेकिंग के दौरान सठिया मोड़ से बनगढ़ की ओर जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्त के पास से पुलिस ने दो किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान करन उर्फ कलुआ पुत्र वीरेन्द्र सिंह निवासी ग्राम बरसै, थाना सासनी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार कलुआ एक शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके विरुद्ध हाथरस और अलीगढ़ सहित विभिन्न जनपदों के थानों में हत्या, चोरी, जुआ अधिनियम, गैंगस्टर और एनडीपीएस एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में करीब 16 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पकड़े गए अभियुक्त के खिलाफ थाना सासनी में एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मामला पंजीकृत कर वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

अभियुक्त की गिरफ्तारी करने वाली टीम का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक श्रीमती विपिन चौधरी ने किया। क्षेत्राधिकारी नगर हिमांशु माथुर ने बताया कि पकड़े गए अपराधी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी कई बार जेल जा चुका है।

Post a Comment

0 Comments