मानवेन्द्र सिंह बने कमर्शियल टैक्स ऑफिसर, UPPSC 2024 में 130वीं रैंक। मेहनत और परिवार के सहयोग को दिया सफलता का श्रेय



हाथरस जिले के ग्राम गंगापुर, ब्लॉक हसायन निवासी मानवेन्द्र सिंह ने कड़ी मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास के बल पर उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) 2024 में सफलता हासिल कर कमर्शियल टैक्स ऑफिसर पद पर चयन प्राप्त किया है। उन्हें प्रदेश स्तर पर 130वीं रैंक प्राप्त हुई है। मानवेन्द्र सिंह एक शिक्षित परिवार से संबंध रखते हैं। उनके पिता राम निवास सिंह शिक्षक हैं, जबकि माता पंकज सिंह बीडीओ के पद पर कार्यरत हैं। प्रारंभिक शिक्षा उन्होंने आगरा पब्लिक स्कूल, आगरा से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने उत्तर प्रदेश प्राविधिक विश्वविद्यालय (UPTU) से बीटेक की पढ़ाई पूरी की। तकनीकी शिक्षा के बाद उन्होंने मनोविज्ञान विषय में गहरी रुचि लेते हुए M.A. किया और वर्ष 2022 में NET-JRF भी उत्तीर्ण किया। वर्तमान में वह दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट, आगरा से मनोविज्ञान विषय में पीएचडी कर रहे हैं।


मानवेन्द्र सिंह की इस उपलब्धि से उनके परिवार, मित्रों और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवार के सदस्यों और दोस्तों को दिया है, जिनके सहयोग और मार्गदर्शन ने उन्हें हमेशा आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। खास तौर पर उन्होंने पायल जी के प्रति आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग और प्रोत्साहन ने उन्हें कठिन समय में भी अपने लक्ष्य की ओर केंद्रित रहने में मदद की। मानवेन्द्र का कहना है कि किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता के लिए धैर्य, अनुशासन और निरंतर परिश्रम सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। बेहतर रैंक हासिल करने के उद्देश्य से उन्होंने यूपीपीएससी मुख्य परीक्षा 2025 भी दी है और उन्हें उम्मीद है कि भविष्य में वह और बेहतर प्रदर्शन करेंगे। उनकी इस सफलता को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments