मुरसान के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र कुर्सी पर सोता मिला, बच्चे क्लास रूम में खेलते नजर आए,बच्चों की पढ़ाई ठप।

हाथरस जनपद के मुरसान क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय नगला बिहारी से शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला एक मामला सामने आया है। विद्यालय में तैनात शिक्षामित्र अनिल शर्मा का ड्यूटी के दौरान कुर्सी पर सोते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जहां एक ओर शिक्षक आराम फरमा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर बच्चे बिना किसी निगरानी के खेल-कूद में व्यस्त हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, यह पहली बार नहीं है जब विद्यालय में इस तरह की लापरवाही देखने को मिली हो। स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्कूल में नियमित रूप से पढ़ाई नहीं होती और बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। शिक्षा विभाग की अनदेखी के चलते ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

मामले के वायरल होने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। अभिभावकों ने संबंधित शिक्षामित्र के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते ऐसे मामलों पर सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो सरकारी स्कूलों की स्थिति और खराब हो जाएगी।वहीं, शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर लापरवाही पर क्या कदम उठाता है और बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने के लिए क्या ठोस पहल की जाती है।

रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा।

Post a Comment

0 Comments