हाथरस में विद्युत शॉर्ट सर्किट से एक गलीचा धागा फैक्ट्री में लगी भीषण आग,फायर ब्रिगेड ने पाया काबू।

 


हाथरस गेट क्षेत्र के दयालपुर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गोपाल की गलीचा धागा बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। देखते ही देखते आग ने फैक्ट्री के अंदर रखे धागे और अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और तेजी से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में सहयोग किया।

फायर ब्रिगेड अधिकारी ने बताया कि आग लगने के कारणों और नुकसान का सही आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। वहीं फैक्ट्री मालिक गोपाल ने बताया कि प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ है, हालांकि वास्तविक नुकसान का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल पाएगा।

गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग लगने से फैक्ट्री में रखा सामान काफी हद तक जलकर नष्ट हो गया। फिलहाल प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा।

Post a Comment

0 Comments