सासनी में अज्ञात वाहन की टक्कर से राहगीर गंभीर रूप से घायल, अलीगढ़ रेफर

 


हाथरस जिले के सासनी आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 93 पर बिजलीघर के समीप सोमवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ पैदल सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गया। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद चालक अपने वाहन सहित मौके से फरार होने में सफल रहा। घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे अलीगढ़ हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सासनी कोतवाली क्षेत्र के निकटवर्ती गांव सठिया निवासी गणेश पुत्र बाबू लाल सोमवार की शाम करीब 5 बजे किसी निजी कार्यवश सासनी आ रहे थे। जैसे ही वह बिजली घर के पास सड़क पार करने लगे, तभी तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गणेश उछलकर दूर जा गिरे और उनके शरीर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने घटना की सूचना घायल के परिजनों को दी।

हादसे की खबर मिलते ही परिजन बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में गणेश को निजी वाहन की मदद से सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए। यहाँ तैनात चिकित्सकों ने घायल का परीक्षण किया और उसकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए तुरंत अलीगढ़ रेफर कर दिया।

रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

Post a Comment

0 Comments