दहेज की भेंट चढ़ी एक और बेटी: ससुरालियों पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप,पुलिस जांच में जुटी।

 


हाथरस जिले के थाना सासनी क्षेत्र के अंतर्गत गांव गदाखेड़ा में दहेज की वेदी पर एक और विवाहिता की बलि चढ़ा दी गई। दो वर्ष पूर्व बड़े अरमानों के साथ जिस बेटी को विदा किया गया था, आरोप है कि उसके ससुरालियों ने ही उसकी गला दबाकर निर्मम हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद मृतका के मायके पक्ष में कोहराम मचा हुआ है और उन्होंने पुलिस को नामजद तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद अलीगढ़ के थाना अकराबाद क्षेत्र के गांव चौहपुर निवासी मुन्नालाल पुत्र होरीलाल ने अपनी पुत्री रेनू की शादी दो वर्ष पूर्व सासनी के गांव गदाखेड़ा निवासी ब्रजमोहन पुत्र नत्थीलाल के साथ बड़े ही धूमधाम से की थी। पिता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर रेनू के साथ मारपीट और उसे प्रताड़ित करने लगे थे। इस संबंध में कई बार दोनों पक्षों के बीच पंचायत और समझा-बुझाकर मामला शांत करने की कोशिश भी की गई, लेकिन ससुरालियों की प्रताड़ना कम नहीं हुई।

मृतका के पिता ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि शनिवार सुबह करीब 9:00 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनकी पुत्री रेनू की मौत हो गई है। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो उनके होश उड़ गए। आरोप है कि पति ब्रजमोहन, ससुर नत्थीलाल, सास और देवर भानु कुमार ने मिलकर दहेज की मांग पूरी न होने पर रेनू की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना की सूचना पाकर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीड़ित पिता ने नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुट गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है ताकि मौत के सटीक कारणों का पता चल सके।

रिपोर्ट BY- हिमांशु कुशवाहा सासनी।

Post a Comment

0 Comments